By bureau

कोतवाली पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को 4.15 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात एसआई बसंत पंत अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान खोखरा मंदिर रोड स्थित श्मशान घाट के पास झाड़ियों के नजदीक चार संदिग्ध युवक खड़े दिखे। पुलिस टीम को देखते ही चारों युवक मौके से भागने लगे। पीछा करने पर तीन युवक दीवार फांदकर फरार होने में सफल रहे, जबकि पुलिस ने एक युवक को घेरकर दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक कश्यप के रूप में हुई है। वह मूल रूप से वार्ड नंबर आठ, मोहल्ला ताली, थाना ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद) का रहने वाला है और वर्तमान में ग्राम सरवरखेड़ा, कोतवाली कुंडा क्षेत्र में रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 4.15 ग्राम स्मैक और कागज की 10 पुड़ियां बरामद की गईं।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ठाकुरद्वारा से लक्की नामक व्यक्ति से स्मैक लेकर आता था और छोटी पुड़ियां बनाकर उसकी बिक्री करता था। पुलिस फरार अन्य युवकों और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश कर रही है

Tags