देव दीपावली के अवसर पर अखिल भारतीय अग्रवाल महिला महासभा काशीपुर की ओर से मंगलवार रात नगर के ऐतिहासिक नागनाथ मंदिर में भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान महिला सदस्यों ने मंदिर परिसर में 108 दीप जलाए, जिससे पूरा प्रांगण दीपों की रोशनी और धार्मिक उत्साह से भर गया।
आयोजन की शुरुआत भगवान शिव और भगवान विष्णु की विधिवत पूजा-अर्चना व मंत्रोच्चारण के साथ हुई। इसके पश्चात महासभा की महिलाओं और बड़ी संख्या में आए श्रद्धालुओं ने मंदिर की 108 परिक्रमा लगाई। साथ ही गौ सेवा कर क्षेत्र में सुख-शांति, तरक्की और समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम में महासभा की पदाधिकारियों व सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष प्रियंका अग्रवाल के साथ ज्योति, भावना, तरुणा, बबीता, मल्लिका, शिल्पी, सरिता, सुनीता, एकता, मंजरी, प्रवेश, अंजली, अनामिका, मीना और शालिनी समेत अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।