काशीपुर। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को शहर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय संविधान की महत्ता पर प्रकाश डाला गया और विभूतियों को सम्मानित किया गया।
जनजीवन उत्थान समिति के तत्वावधान में स्व. सत्येंद्र चंद्र गुड़िया मार्ग स्थित श्री जगदीश प्रेरणा भवन के सभागार में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए 'काशीपुर गौरव' से सम्मानित वरिष्ठ अधिवक्ता शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन किया। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था, जिसे 1950 में लागू किया गया। वहीं, अधिवक्ता भास्कर त्यागी ने संविधान में वर्णित नागरिकों के मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान सैयद आसिफ अली, देवांग मिश्रा, कर्तव्य मिश्रा, विवेक कुमार मिश्रा, राम शर्मा, नवजोत सिंह और अमृतपाल सिंह सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
उधर, संविधान दिवस पर अखिल भारतीय रुहेला क्षत्रिय महासभा के महानगर अध्यक्ष संजय रुहेला एडवोकेट ने अधिवक्ता उमेश जोशी और शैलेंद्र कुमार मिश्रा को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है और संविधान के प्रति जागरूकता प्रत्येक नागरिक के लिए अत्यंत आवश्यक है।